राहुल चावला, धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से शनिवार को 12वीं कक्षा के सभी संकायों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। घोषित किए गए परिणाम की प्रतिशतता 79.4 फ़ीसदी रही हैं,जो वर्ष 2022 के परीक्षा परिणाम की प्रतिशतता से कम हैं। साल 2022 में जहां परीक्षा परिणाम 93.90 फीसदी रहा वहीं इस साल यही परीक्षा परिणाम 79.4 फ़ीसदी ही रहा। इस बार टॉप 10 में 55 बच्चों ने बाजी मारी है जिसमें 37 लड़कियां जबकि 18 लड़के शामिल हैं।
साइंस संकाय में ओजस्विनी उपमन्यु ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया हैं,ओजस्विनी 500 में से 493 अंक (98.6 प्रतिशत) हासिल किए हैं। यह जिला ऊना के घनारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हैं। वहीं कॉमर्स संकाय में सिरमौर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराहन की छात्रा वृंदा ठाकुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया हैं। वृंदा ने 500 में से 492 अंक (98.4 प्रतिशत) हासिल किए हैं। इसके अलावा आर्ट्स संकाय में प्रदेशभर में पहले स्थान पर चार विद्यार्थी रहे हैं। चारों ने 500 में से 487 अंक (97.4 प्रतिशत) हासिल किए हैं। इसमें डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना की छात्रा तरनिजा शर्मा, रूट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल करसोग की छात्रा दिव्य ज्योति, सीनियर सेकेंडरी स्कूल पोर्टमोर शिमला की छात्रा नूपुर कैथ और सिरमौर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल जरवा जुनेली के छात्र ज्येश प्रदेश भर में पहले स्थान पर रहे हैं।
सचिव शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने बताया कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से करवाई गई12वीं कक्षा की परीक्षा 105369 विद्यार्थियों ने दी थी जिसमें से 83418 विद्यार्थी परीक्षा में पास हुए हैं। 13335 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई हैं तो वहीं 8139 विद्यार्थी परीक्षा में फेल हुए हैं। वर्ष 2022 में 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 93.90 प्रतिशत रहा था।
