अरविंदर सिंह,हमीरपुर: मानसून के सीजन में प्रदेश में आई फ्लू के मामले बढ़ने लगे हैं। इन मामलों को देखते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग भी पूरी एहतियात बरत रहा हैं। वहीं पड़ोसी राज्यों में आई फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश सहित हमीरपुर जिला में थी स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन कदम उठाना शुरू कर दिए हैं। हमीरपुर जिला स्वास्थ्य विभाग ने सभी खंडों को आई फ्लू के मामले प्रतिदिन रिपोर्ट करने के निर्देश जारी किए हैं।
सीएमओ हमीरपुर डॉक्टर आर.के अग्निहोत्री ने बताया कि जिला हमीरपुर में गत दिवस 73 मामले दर्ज किए गए हैं जबकि अब तक कुल 123 मामले आई फ्लू के हमीरपुर जिला में सामने आए हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे आई फ्लू के लक्षण आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से इसका उपचार करवाएं। स्वास्थ्य विभाग हमीरपुर की ओर से जिला के पांचों खंडों में आई फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी के बाद एहतियातन कदम उठाना शुरू कर दिए हैं।
यह लक्षण दिखें तो हो जाएं सतर्क,बरतें सावधानी
आई फ्लू के लक्षण के बारे में जानकारी देते हुए डॉक्टर आरके अग्निहोत्री ने बताया कि आई फ्लू का संक्रमण काफी तेजी से फैलता है और इसके लक्षण आने पर मरीज को दूसरों से दूरी बनाए रखनी चाहिए साथ ही हाथों को साफ रखें और मुंह व आंखों पर हाथों का इस्तेमाल कम से कम करें। आई फ्लू एक वायरल डिजीज हैं। इसके लक्षण आने पर इसकी जांच डॉक्टर से अवश्य करवानी चाहिए । उन्होंने बताया कि अधिकतर केसों में मरीज 4 से 5 दिन में ठीक हो जाता है लेकिन कई बार बैक्टीरिया पैदा होने के चलते आंखों में दर्द हो जाती है जिसका उपचार डॉक्टर के परामर्श पर ही लेना चाहिए।
सोशल डिस्टेंसिंग ओर स्वच्छता का रखें खास ख्याल
हमीरपुर में आई फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीएमओ हमीरपुर शिक्षा विभाग को भी पत्र लिखकर स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग स्वच्छता का विशेष ख्याल रखने ओर आई फ्लू के लक्षण वाले छात्रों को स्कूल से छुट्टी देने के साथ ही सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों से दूरी बनाने की आवश्यकता है क्योंकि संक्रमण के कीटाणु ऐसे क्षेत्रों में अधिक पाए जाते हैं।
