संजु चौधरी, शिमला(TSN): INDIA vs Bharat: इन दिनों देश में नाम को लेकर चर्चा जोरों पर है. हाल ही में इंडिया और भारत के नाम पर नई चर्चा शुरू हो चुकी हैं। G-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे लगी देश के नाम की प्लेट में इंडिया की जगह भारत लिखा था। इस नए बदलाव ने चर्चाओं को और ज्यादा हवा दे दी हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा कि देश में बेवजह की बहस को जन्म देकर लोगों का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही हैं।
कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि देश में बेवजह की चर्चाओं को जन्म दिया जा रहा हैं। देश का नाम चाहे भारत हो या फिर इंडिया, दोनों एक ही बात हैं। उन्होंने कहा कि देश में जनता महंगाई और बेरोजगारी की बात न करे, इसलिए सरकार इस बेवजह की चर्चा को जन्म देने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा एक के बाद एक शगूफे छोड़ने का काम कर रही हैं। देश की जनता बेहद समझदार है और जानती है कि उनका ध्यान भटकाने के लिए इन मुद्दों को हवा दी जा रही हैं। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि इस तरह की चर्चाओं पर ध्यान देने की जरूरत नहीं हैं।
