संजीव महाजन,नूरपुर: इंदौरा क़े गगवाल की अरुणिका ने नीट परीक्षा में 630 अंक प्राप्त कर अपने स्कूल और माता पिता का नाम रोशन किया है। अब अरुणिका अपने डॉक्टर बनने का सपना पूरा करेगी। अरूणिका ने अपनी दसवीं तक की शिक्षा एंजल स्कूल पठानकोट व जमा एक व दो की शिक्षा पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल थोड़ा से हासिल की है। अरूणिका की बचपन से ही डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करने की इच्छा थी। अपनी इच्छा पूरा करने के लिए उन्हें परिवार से भी पूरा सहयोग मिला। अरूणिका ने अपनी सफलता का सारा श्रेय अपने परिवार व शिक्षकों को दिया है।
अरुणिका के पिता राजीव बंदराल लोक निर्माण विभाग में नूरपुर मंडल में कनिष्ठ अभियंता के रूप में कार्यरत है जबकि उनकी माता सुनीता राजपूत राजकीय उच्च पाठशाला रोड़ में शिक्षिका है। वहीं उनके दादा ओंकार सिंह व दादी रचना देवी भी सेवानिवृत शिक्षक है। अरुणिका को परिवार में ही पढ़ाई का माहौल मिलने के साथ ही माता पिता और दादा दादी से भी पढ़ाई में मदद मिली। यही वजह है कि आज वह अपने सपने को साकार करने की तरफ कदम बढ़ा पाई है।
अरूणिका के दादा ओंकार सिंह व पिता राजीव बंदराल ने बताया कि अरूणिका ने नीट यूजी परीक्षा में 630 अंक लेकर परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ अरूणिका की मेहनत से ही संभव हो सका है। अरूणिका के परिजनों ने उम्मीद जताई कि उसका डॉक्टर बनने का सपना जल्द ही सच होगा। इस दौरान परिजनों ने अरूणिका को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
