विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: विधानसभा चुनावों से ठीक पहले जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र से 2017 में आजाद चुनाव लड़ चुके गगन पराशर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया हैं। बताते चलें की पिछली बार के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह मनकोटिया दो हजार के करीब वोटों से चुनाव हार गए थे, जिसका मुख्य कारण कांग्रेस के ही गगन पराशर का आजाद चुनाव लड़ना रहा था।
शनिवार को नादौन से कांग्रेस के विधायक व कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने गगन पराशर को कांग्रेस में विधिवत रूप से शामिल कर लिया। इसी के साथ कांग्रेस को अंब से भी बागी हुए आजाद चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार को भी अपना नामांकन वापस लेने और कांग्रेस पार्टी के साथ चुनावों में रखने में सफलता मिली हैं।। इससे दोनों ही विधानसभा क्षेत्र में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के प्रत्याशियों को मजबूती प्रदान कर दी है। जसवां-परागपुर और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र दोनों ही अलग-अलग जिले में होने के बावजूद डेमोग्राफिकली एक दूसरे के साथ जुड़े हुए हैं।
कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष व नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक तीर से दो निशाने लगाकर अपने आप को कांग्रेस के कद्दावर नेताओं की लिस्ट में शुमार कर लिया और कांग्रेस पार्टी को दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सुदर्शन सिंह बबलू भी उपस्थित रहे।
