संजु चौधरी,शिमला(TSN): प्रियंका गांधी वाड्रा 2 दिनों के हिमाचल दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने हिमाचल के जिला कुल्लू, मंडी और शिमला के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। प्रियंका गांधी के इस दौरे को लेकर प्रदेश में सियासी तपिश भी बढ़ी हुई है और भाजपा लगातार कांग्रेस पर हम+लावर हैं। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने भी प्रियंका गांधी के दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे पूरी तरह से राजनीतिक दौरा बताया और प्रियंका के देरी से हिमाचल आने की बात कही।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रियंका गांधी का घर है लेकिन आपदा में इतना अधिक नुकसान हुआ मगर प्रियंका गांधी ने हिमाचल आने में बहुत देर लगा दी। उन्होंने इस दौरे को विशुद्ध राजनीतिक दौरा करार दिया। उन्होंने कहा की आपदा बीत जाने के इतने समय के बाद प्रियंका गांधी के इस दौरे के पीछे साफ तौर पर केवल राजनीतिक मकसद हैं। वह लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ राजनीतिक बयान बाजी कर रही है जबकि केंद्र लगातार प्रदेश सरकार को मदद कर रहा हैं।
उन्होंने कहा कि वैसे भी हिमाचल के लोग प्रियंका गांधी का इंतजार कर रहे थे। चुनाव के वक्त उन्होंने प्रदेश की जनता से वादे किए थे लेकिन सरकार के 10 महीने होने को आए हैं और 10 गारंटीयों का कहीं कोई जिक्र नहीं हैं।
उधर अमेरिकी सेब वाशिंगटन एप्पल पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाने का मुद्दा प्रदेश में लगातार ज्वलंत मुद्दा बना हुआ हैं। प्रियंका गांधी के बाद कांग्रेस नेता लगातार इस मुद्दे को लेकर केंद्र पर निशाने दाग रहे हैं, तो वहीं इस मामले में अब नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने प्रियंका गांधी पर पलटवार किया हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब झूठ बोलकर सत्ता पाई जा सकती है तो सेब पर झूठ बोलने में कोई बड़ी बात नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि बड़ी हैरानी की बात है कि प्रियंका गांधी को तथ्यों की जानकारी नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि सेब पर पहले भी 50 फ़ीसदी इंपोर्ट ड्यूटी थी और वह अभी भी बरकरार हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कंज्यूमर मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि 50 रुपए से कम दाम वाला कोई भी देश के बाहर से आने वाला सेब देश के अंदर नहीं बिकेगा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी याद करें कि आनंद शर्मा के समय ही तय किया गया था कि सेब पर 50 फ़ीसदी से ज्यादा इंपोर्ट ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।
वहीं मानसून सत्र को लेकर नेता विपक्ष ने कहा कि जवाब देना सरकार की जिम्मेवारी है और सरकार इससे भाग नहीं सकती। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान भाजपा सरकार से गारंटीयों की पूछताछ करेगी और सरकार से प्रदेश से उद्योगों के जाने पर सवाल पूछेंगे। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन्हें जिम्मेवारी दी है इसे रो-रो कर नहीं बल्कि हंस कर निभाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि पिछली सरकार कौन सी देनदारियां चुका कर गई थी।
