हमीरपुर, अरविंद-: शहर की मुख्य सड़क की बदहाली से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सड़क हस्तांतरित होने के बाद अब इसकी मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। कोहली से पक्का भरो तक करीब 9 किलोमीटर लंबी सड़क की वन टाइम रिपेयरिंग के लिए 8 करोड़ 70 लाख रुपये का बजट मंजूर किया गया है। विभाग की ओर से जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू करने की तैयारी है।
गौरतलब है कि हमीरपुर शहर के बीच से गुजरने वाली इस प्रमुख सड़क की हालत पिछले एक साल से अधिक समय से खराब बनी हुई थी। सड़क पर सफर करने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क के पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित होने के बाद अब इसके सुधार की उम्मीद जगी है।लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजय कटोच ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। टेंडर के तहत सड़क पर नई लेयर बिछाई जाएगी। इसके साथ ही सड़क के दोनों किनारों पर नालियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे पानी की निकासी बेहतर हो सकेगी।उन्होंने बताया कि नए बस स्टैंड से नाल्टी रोड तक सड़क के एक तरफ फुटपाथ बनाने का भी प्रावधान रखा गया है। विभाग निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा करने का प्रयास करेगा। सड़क की मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं के विकास से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

