मंडी,धर्मवीर :उपमंडल गोहर के अंतर्गत एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 23 वर्षीय एक महिला अपनी 11 माह की मासूम बेटी और 13 वर्षीय ननद को साथ लेकर रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निशा कुमारी (23) पत्नी अश्वनी कुमार, निवासी गांव कटवानी कटवाड्डी, डाकघर नाड़ी 31 मार्च को करीब साढ़े 3 बजे मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसके साथ उसकी 11 महीने की बेटी और 13 वर्षीय ननद भी थी। लेकिन इसके बाद से तीनों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों व संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कहीं भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई। महिला के घर से निकलने के बाद से अब तक उसका कोई क्लू नहीं मिला है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।आखिरकार परिजनों ने गोहर पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मंडी दिनेश कुमार ने बताया कि महिला के रहस्यमयी तरीके से लापता होने की सूचना दर्ज की गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।उल्लेखनीय है कि जिला मंडी के गोहर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से महिलाओं के गायब होने के दर्जनों मामले सामने आए हैं। ऐसे में इस घटना ने क्षेत्र में फिर चिंता बढ़ा दी है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि 23 वर्षीय महिला का अपनी 11 माह की बेटी और 13 वर्षीय ननद के साथ अचानक लापता हो जाना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि पुलिस जांच में इस रहस्य से आखिर क्या सच्चाई सामने आती है।
