विनोद सुल्तानपुरी की सल्तनत खतरे में,टिकट में इस बार हो सकता है बदलाव
सोलन: विधानसभा क्षेत्र कसौली की राजनीति दिनोंदिन गर्मातीजा रही है। बुधवार को हाल ही में सोलन तहसील से नायब तहसीलदार पद से सेवानिवृत्त हुए ध्यान सिंह ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने दिल्ली में उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई। इससे कसौली की राजनीति में नया भूचाल देखने को मिल सकता है।
ध्यान सिंह ने 12 जुलाई को स्वेच्छा से नायब तहसीलदार पद से सेवानिवृति की थी। सेवानिवृति बाद उन्होंने पहले अपने घर और फिर रविवार को कुमारहट्टी में बड़े समारोह का आयोजन किया था। इस आयोजन में कांग्रेस पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत विधायक विक्रमादित्य सिंह व अन्य दिग्गज नेता उपस्थित रहे। सेवानिवृत्त पार्टी में कांग्रेसी नेताओं की उपस्थिति ने ही कई अटकलों पर विराम लगा दिया था,लेकिन ध्यान सिंह ने इस समारोह को साधारण समारोह बताया था और राजनीति से जोड़ने को साफ इंकार किया था। वहीं इस समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल भी शामिल हुए थे, लेकिन बुधवार को ध्यान सिंह के कांग्रेस पार्टी जॉइन करने से अब नया समीकरण भी बन गया है।
हालांकि कसौली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के बीते चुनाव में प्रत्याशी रह चुके विनोद सुल्तानपुरी भी लोगों से संपर्क से साधना शुरू कर चुके है। वहीं एक बार धर्मपुर में आयोजित बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा के समक्ष अपना शक्ति प्रदर्शन कर चुके है। दिलचस्प बात यह है कि इस बैठक में खेमें के कई दिग्गज नेता आए थे। हालांकि यह दिग्गज नेता ध्यान सिंह के साथ भी जरूर नज़र आ रहे है। अब राजनीतिक अखाड़े में देखना यह होगा कि कांग्रेस कसौली से किसे अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावों में उतरती है।
