बीबीएमबी के स्थापना दिवस पर चेयरमैन मनोज त्रिपाठी ने दिए अधिकारियों को निर्देश
कहा- यह हमारा दायित्व कि हम पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों के उत्थान के लिए कुछ करें
पंडोह पंचायत के प्रतिनिधियों ने जताया इसके लिए आभार, सुरक्षा दीवार की रखी मांग
मंडी/ धर्मवीर -:बीबीएमबी के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी ने प्रबंधन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति अपना निर्वहन सुनिश्चित करें ताकि बीबीएमबी के प्रोजेक्ट के माध्यम से क्षेत्र का विकास भी हो सके और लोगों को इसका लाभ भी मिल सके। यह निर्देश उन्होंने पंडोह डैम में बीबीएमबी के 50वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए दिए। मनोज त्रिपाठी ने स्पष्ट कहा कि यह हमारा दायित्व है कि हम पर्यावरण संरक्षण के लिए कुछ करें। क्षेत्र में जब भी इस तरह का बड़ा प्रोजेक्ट लगाता है तो वहां के लोगों को विकास की ढेरों उम्मीदें रहती हैं। हास्पिटल, स्कूल, पुल, सड़क और पानी जैसी मुलभूत सुविधाओं के लिए स्थानीय लोगों को प्रबंधन से जो उम्मीदें हैं उन्हें पूरा करने की जरूरत है। पंडोह में हास्पिटल का संचालन हो रहा है और स्कूल का संचालन अब डीएवी को दे दिया गया है जिससे लोगों को सुविधा मिली है। इसके अलावा कहीं पुल या सड़कें बननी हैं तो उस कार्य को भी जल्द किया जाना चाहिए।
वहीं, ग्राम पंचायत पंडोह के प्रधान हंस राज और उप प्रधान रोहित कुमार सहित अन्य लोगों ने बीबीएमबी चेयरमैन से मुलाकात कर उन्हें स्थानीय मांगों से संबंधित अपना एक पत्र सौंपा। प्रधान हंस राज ने चेयरमैन मनोज त्रिपाठी का स्थानीय हितों की पैरवी करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंडोह के लोग हर बार बरसात में आपदा का दंश झेल रहे हैं। यहां सुरक्षा दीवार के कार्य को जल्द किया जाना चाहिए। इसके अलावा पंडोह क्षेत्र के लोगों की प्रबंधन से जो भी मांगे हैं उन्हें भी जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
