बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-श्री नयना देवी जी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेले का आयोजन 30 मार्च से 7 अप्रैल 2025 तक किया जाएगा।मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
SP संदीप धवल ने बताया कि मेले की अवधि के दौरान टोबा से श्री नयना देवी जी तक केवल बसों और छोटे यात्री वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी।भारी वाहनों (ट्रक, कैन्टर,ट्रैक्टर और टैम्पू) की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए लिया गया है। इसके अलावा, यदि कोई ट्रक,ट्रैक्टर या टैम्पू सवारियों से भरा होगा, तो उसे हिमाचल प्रदेश की सीमा पर स्थित गड़ामोड़ा और ग्वालथाई (भाखड़ा) में ही रोका जाएगा।वहां से आगे श्रद्धालु केवल बसों और टैक्सियों के माध्यम से मंदिर तक पहुंच सकेंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया गया है।SP ने बताया कि भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है,ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है,ताकि नवरात्र मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न हो सके।
