अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने गृह जिला हमीरपुर के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह हमीरपुर में पहला दौरा हैं, जिसे लेकर हमीरपुर जिला कांग्रेस कमेटी तैयारियों में जुटी हुई हैं। मुख्यमंत्री का जिला हमीरपुर में भव्य स्वागत जिला कमेटी की ओर से किया जाएगा। इसी की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक विशेष बैठक का आयोजन भी किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांगड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया ने की । इस मौके पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू विशेष रूप से मौजूद रहे । बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत व अभिनंदन समारोह पर विशेष रूप से चर्चा की गई और दौरे को सफल बनाने पर विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया । इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनीता वर्मा, हमीरपुर शहरी कांग्रेस महिला कांग्रेस विभिन्न फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशंस के कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू कांगड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन कुलदीप पठानिया को उनकी नियुक्तियों पर बधाई भी दी गई।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने गृह जिला में पहली बार पधारने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है और मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कोई कसर ना छूटे इसके लिए बैठक में विभिन्न कमेटियों का भी गठन किया गया । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से हमीरपुर जिला में विकासात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा हैं और उनके मार्गदर्शन में प्रदेश सहित हमीरपुर जिला में विभिन्न विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में नए बस अड्डा निर्माण, मेडिकल कॉलेज के निर्माण में गति प्रदान करना सहित अन्य मुद्दों पर पहले ही दिशा निर्देश जारी हो चुके हैं और आने वाले समय में इन्हें और गति दी जाएगी।
वहीं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि जिला कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री की तैयारियों को लेकर बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा उसको अमलीजामा पहनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने गृह जिला में पहली बार आ रहे हैं उसको लेकर सभी तैयारियां पूरी की जाएंगी।
