मंडी,11 नवंबर(TSN)- नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार के शासन में आने के बाद से ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली का भी बंटाधार हो गया है। इस समय प्रदेश के डिपुओं में तेल नहीं मिल रहा है। सरकार चाहती है कि प्रदेशभर के डिपुओं में मिलने वाला खाद्य तेल अब दो-तीन महीने ‘विलंबित’ होकर मिले। उन्होंने कहा कि कभी डिपुओं में मिलने वाली दालों की संख्या में कमी तो कभी मिलने वाले सामानों के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी ही इस सरकार की उपलब्धि है। सरकार के हर कृत्य की तरह ही यह कृत्य भी हास्यास्पद है। क्या सरकार यह बताएगी कि लोग आंटा-चावल आज खाएंगे और तेल दो महीनें बाद खाएंगे।जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अनिवार्य सेवाओं की अहमियत समझे और हर हाल में उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करे।
जांच के लिए न अस्पतालों में किट है,न इलाज के लिए दवाइयां
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था पतन का दौर चल रहा है।बाकी सुविधाएं तो छोड़िए स्वास्थ्य सुविधाओं को भी सरकार ने भगवान भरोसे छोड़ दिया है।जिसके कारण हालत यह हो गई है कि प्रदेश के बड़े-बड़े अस्पतालों में छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए लोग तरस रहे हैं। जबकि सरकार दावा कर रही है कि वह स्वास्थ्य व्यवस्था को विश्व स्तर पर की बना रही है जबकि असलियत यह है कि दीवाली के दिन दु.र्घटना में शिकार हुए लोगों को आपातकाल में दवाई तक नहीं मिली। पीलिया की जांच की किट भी प्रदेश के राजधानी स्थित मेडिकल कॉलेज में नहीं है तो उसके इलाज के बारे में आम आदमी कैसे सोच सकता है? हिम केयर से इलाज के लिए आम आदमी निजी अस्पताल में जा नहीं सकता और सरकारी अस्पतालों में इलाज की हालत आज प्रदेश के अख़बारों में हर दिन देखी जा सकती है। आम आदमी के जीवन को सरकार बहुत हल्के में ले रही है। हिमाचल वासियों के जीवन से हम खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
सरकार लोगों से सुविधाएँ देने और महँगाई बढ़ाने के नाम पर ही झूठ बोलकर सत्ता में आई थी।लेकिन सत्ता में आने के बाद से ही जनहित के मुद्दों से दूरी बना ली और जनता को ही सरकार के हित का साधन बना लिया।आए दिन सुविधाएं छीनना और कोई न कोई टैक्स लादना,सब्सिडी खत्म करना इस सरकार की दैनिक उपलब्धि बन गया है। इसके बाद भी सरकार के प्रतिनिधि देश भर में झूठ का झंडा गाड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि झूठ बोलने के बजाय जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दे और आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं की कमी से निपटने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करे।
रोहड़ू अग्निकांड पर जताया दुख,हर मदद का दिया आश्वासन
नेता प्रतिपक्ष ने शिमला जिला के समरकोट, रोहडू स्थित गांव में आग लगने वाली घटना चिंताजनक बताते हुए दु:ख प्रकट किया। उन्होंने शासन-प्रशासन से आग्रह किया कि राहत कार्य युद्धस्तर पर करवाएं साथ ही प्रभावित परिवारों को यथाशीघ्र सहायता भी प्रदान करें। भारतीय जनता पार्टी दु:ख की इस घड़ी में सभी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
