अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर शहर के बीचो बीच एक ग्रीन स्पेस बनाया जाएगा,जिससे शहर की सुंदरता और बढ़ सके। ओल्ड बस स्टैंड हमीरपुर के सामने कुछ समय पहले ही पुरानी खोखा मार्केट को हटाकर नया काॅम्पलेक्स में शिफ्ट किया है। टैक्सी स्टैंड और खोखा मार्केट के बीच खुले स्पेस में अब जिला प्रशासन यहां पर ग्रीन स्पेस बनाने जा रहा है। स्थानीय लोगों के सहयोग से प्रशासन की ओर से यह कार्य किया जाएगा। यहां पर सेल्फी प्वाइंट इस ग्रीन स्पेस में लगाया जाएगा और लाइटनिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। लोगों को यह जगह आर्कषित करे इस ढंग से जिला प्रशासन इस स्थान को विकसित करने की योजना पर कार्य कर रहा है। यह प्रयास किया जा रहा है कि कम से कम लागत में इस ग्रीन स्पेस को विकसित कर आर्कषक बनाया जा सके।
जिला प्रशासन के इस निर्णय से जहां एक तरफ लोगों को सुविधा प्राप्त होगी तो वहीं दुकानदारों को यहां पर ग्राहकों की आवक बढ़ने से लाभ मिलेगा। इस जगह पर पूर्व टैक्सी की पार्किग की वजह से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे थे। ऐसे में जिला प्रशासन की पहल से बसस्टैंड के ठीक सामने पेड़ पौधों की हरियाली से भरी एक जगह लोगों को नसीब हो पाएगी। शहर में पार्कों की कमी को भी यह ग्रीन स्पेस कुछ हद तक पूरा करेगा।
डीसी हमीरपुर देव श्वेता बनिक का कहना कि बस स्टैंड के सामने डिवाइडर लगाया गया है। इस डिवाइडर के लगने से यहां पर यातायात बेहतर ढंग से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत ग्रीन स्पेस यहां पर विकसित किया जाएगा। इस कार्य को शुरू कर दिया गया है। इस कार्य के पूरा होने से यहां पर लोगों को सुविधा भी प्राप्त होगी और दुकानदारों के लिए ग्राहकों की आवक भी बढ़ेगी। नगर परिषद हमीरपुर, व्यापारियों सभी वर्गों का इस कार्य में सहयोग रहा है। लोगों की मदद से और उपलब्ध संसाधनों से बजट का प्रावधान कर इस कार्य को किया जा रहा है। यहां पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। वेस्ट टू वेल्थ की थीम पर इस कार्य को किया जाएगा। जिस कचरे का रिसाईकल नहीं किया जा सकता है उसका इस्तेमाल यहां पर किया जाएगा।
