कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा – ढालपुर मैदान में पीपल मेले का समापन 30 अप्रैल को हो गया है। तो वही 15 मई तक यहां पर व्यापारियों को दुकानें सजाने की इजाजत दी गई थी। समय सीमा खत्म होने के बाद अब नगर परिषद के द्वारा मेले में व्यापारियों की दुकानों को हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। लेकिन मेले में आए व्यापारी अब सोमवार तक अपनी दुकानें लगाने की भी मांग रहे हैं।
वहीं इसी मांग को लेकर व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग के दरबार पहुंचा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग रखी कि उन्हें सोमवार तक दुकानें लगाने की मोहलत दी जाए उसके बाद में खुद ही अपनी दुकानें हटा देंगे। बाहरी राज्य से अपनी दुकानें लगाने आई दुकानदार गीता और वंदना का कहना है कि अबकी बार पीपल मेले में मौसम खराबी के चलते उन्हें खासा नुकसान उठाना पड़ा। क्योंकि करीब 10 दिनों तक मौसम खराब रहा और बारिश तूफान के चलते कोई खरीदार ढालपुर मैदान नहीं पहुंच पाया। उल्टा खराब मौसम के चलते उनका सामान भी काफी खराब हुआ है। ऐसे में अब मौसम साफ है और लोग भी खरीदारी करने के लिए आ रहे हैं। लेकिन यहां पर नगर परिषद कुल्लू के द्वारा दुकानें हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उनका कहना है कि पीपल मेले में व्यापार सही ना होने के चलते उन्हें नुकसान की भरपाई करना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में जिला प्रशासन अगर उन्हें कुछ दिनों की और मोहलत देता है। तो वह अपने नुकसान की भरपाई कर सकेंगे और उसके बाद में खुद ही ढालपुर मैदान को खाली कर देंगे।
