संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में सेब सीजन शुरू होने वाला हैं। सेब सीजन से पहले सेब बागवानों की लंबे समय से चली आ रही है मांगों को लेकर बुधवार को शिमला के कालीबाड़ी हॉल में सेब उत्पादक संघ का राज्य स्तरीय सम्मेलन हुआ जिसमें प्रदेशभर से बागवान शामिल हुए।
सेब उत्पादक संघ के अध्यक्ष सोहन ठाकुर ने कहा कि सम्मेलन में बागवानों की 17 सूत्रीय मांग पर चर्चा की जा रही है जिनमें मुख्य रूप से युनिवर्सल कार्टन को अनिवार्य रूप से लागू करने, मंडी मध्यस्थता योजना (MIS) को जारी रखने, ए ग्रेड सेब का मूल्य 80 रुपए, बी ग्रेड का 60 रू/किलो व सी ग्रेड का 30 रू/ किलो दाम तय करने की मांग सरकार के समक्ष रखी जाएगी।
इसके अलावा मंडी मध्यस्ता योजना (MIS) में लिए गए सेब का बकाया भुगतान करने, एपीएमसी एक्ट, 2005, लीगल मेट्रीलॉजी एक्ट, 2009, पैसेंजर्स एंड गुड्स टैक्सेशन एक्ट, 1955 को लागू करने की मांग प्रमुख हैं।
