संजू चौधरी/शिमला: राजधानी शिमला में बंदरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। यहां बंदरों ने उत्पात मचा रखा है। वीरवार को शिमला में माल रोड पर बीएसएनएल के कार्यालय में फोन का बिल जमा करवाने पहुंचे एक व्यक्ति के हाथों से नोटों से भरा बैग छीनकर एक उत्पाती बंदर भाग गया। देखते ही देखते बीएसएनएल कार्यालय के अंदर और बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

दुकानदारों और नगम निगम के कर्मचारियों ने भी बैग वापस लेने के भरसक प्रयास किए। बैग में 75 हजार रुपए थे। बताया जा रहा है कि बंदर कार्यालय की छत पर जाकर बैठ गया। बंदर ने कुछ नोट फाड़कर नीचें फेंक दिए जबकि 70 हजार रुपए मिल गए हैं। एक हजार रुपए के नोट बंदर ने फाड़ दिए और करीब 4 हजार रुपए गायब हैं। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि व्यक्ति बीएसएनएल काउंटर पर बिल जमा करवा रहा था और अचानक बंदर अंदर आया और झपटा मारकर पैसे का बैग छीन कर भाग गया।
