राहुल चावला,धर्मशाला (TSN)-जिला कांगड़ा में सक्रिय चिटटा तस्करों के गिरोह का नेटवर्क पश्चिम बंगाल तक फैला है।अब तक जिला पुलिस आठ चिटटा तस्करों की चेन को जिला में ब्रेक कर चुकी है।वहीं पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष तीन माह में एनडीपीएस के मामलों में चार गुणा बढ़ोतरी हुई है,जिसमें गिरफ्तार तस्करों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। जिला में सक्रिय चिटटा तस्करों के मामलों की जांच के दौरान पहले दिल्ली और पंजाब के चिटटा तस्करों का हाथ पाया जाता था,जबकि अब जो मामले सामने आए हैं, उनमें पश्चिम बंगाल के तस्करों के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। चिटटे के मामलों की जांच में जुटी जिला पुलिस पंजाब, दिल्ली के साथ पश्चिम बंगाल से जुड़े चिटटा तस्करी के तार में संलिप्त आरोपियों को पकडक़र कांगड़ा ला रही है।
अब तक जिला में आठ चिटटा तस्करों की चेन की गई ब्रेक
गौरतलब है कि एनडीपीएस के मामलों में अब तक एक करोड़ रुपये की संपत्ति,आभूषणा व कैश को जिला पुलिस ने सीज किया है। पिछले वर्ष 30 लोगों को नशे के मामलों में बाहरी राज्यों से गिरफ्तार किया था,जिनकी जिला में चिटटे की तस्करी में संलिप्तता को पाया गया है। एनडीपीएस के इस वर्ष अब तक 17 मामलों में साढ़े आठ सौ ग्राम चिटटा, 48 लाख के लगभग संपत्ति व गाडिय़ों को सीज किया गया है। करीब 17 किलो चरस अब तक पकड़ी जा चुकी है।
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार तीन माह में चार गुणा मामले
पश्चिम बंगाल,पंजाब,दिल्ली से नशे के तस्करों को गिरफ्तार कर लाया जा रहा है।अब तक चिटटा तस्करों की आठ चेन को जिला पुलिस तोड़ चुकी है,जो कि काफी लंबे समय से जिला व प्रदेश में सक्रिय थी।जो व्यक्ति चिटटा के साथ पकड़ा जाता है,वो चिटटा कहां से लाया था और कहां देने जा रहा था,इस चेन को तोडऩे में पुलिस को पुलिस को कामयाबी मिली है।अब तक एक करोड़ रुपये की संपत्ति, आभूषणा व कैश को जिला पुलिस ने सीज किया है।
