मंडी :धर्मवीर(TSN)-नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जो नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई है,उससे देश की तरक्की को नई दिशा मिलेगी। यह बात चमन कपूर ने आज सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के तताहर गांव में स्थित एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही।
चमन कपूर ने रिबन काटकर और द्वीप प्रज्जवलित करके समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरू बनने की दिशा में अग्रसर है। आज दुनिया की कोई ताकत भारत को विश्वगुरू बनने से नहीं रोक सकती। स्कूलों में बच्चों को पुराने ढर्रे वाली शिक्षा नीति के तहत पढ़ाया जा रहा था। यह शिक्षा नीति कहीं न कहीं देश की तरक्की में भी बाधा थी क्योंकि बदलते दौर के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बदलाव की जरूरत थी। इसी बात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समझा और नई शिक्षा नीति को लागू किया। हालांकि प्रदेश में इसे पूरी तरह से लागू नहीं किया गया है लेकिन जब यह पूरी तरह से लागू होगी तो प्रदेश के बच्चे भी इसके तहत शिक्षा ग्रहण करके आगे बढ़ेंगे।
होनहारों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
चमन कपूर ने कहा कि कभी हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में दूसरे नंबर पर हुआ करता था लेकिन आज इसमें बहुत ज्यादा गिरावट आई है जो हम सभी के लिए चिंता की बात है। स्कूल चाहे प्राईवेट हों या फिर सरकार, सभी का एक ही ध्येय होता है कि बच्चों को शिक्षित करना है और उन्हें एक अच्छा नागरिक बनाना है। इसलिए यह हम सभी का दायित्व बनता है कि शिक्षा के सतर को उंचा बनाने में अपना अहम योगदान दें। उन्होंने एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल तताहर के वार्षिक परिणामों पर खुशी जाहिर की और बताया कि स्कूल के अधिकतर बच्चे 95 प्रतिशत अंकों के साथ उतीर्ण हो रहे हैं जोकि अच्छी बात है।इस मौके पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। चमन कपूर ने मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया और स्कूल प्रबंधन को अपनी तरफ से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
