सचिन शर्मा,केलांग: लाहौल स्पीति को पर्यटन की दृष्टि से उभारने के लिए अब यहां अरुणाचल का टूरिज्म मॉडल अपनाया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार को 500 करोड़ रुपए का प्रोपोजल भेजा जाएगा। यह बात लाहुल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने केलांग में पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इसके अलावा लाहौल स्पिति के पर्यटक स्थलों और जिला की सारी जानकारी सैलानियों को अब आसानी से अपने मोबाइल पर उपलब्ध होगी। इस संबंध में लाहौल स्पीति प्रशासन अब अपनी एक नई मोबाइल एप तैयार करने जा रहा हैं।
विधायक रवि ठाकुर ने बताया कि जिला मुख्यालय केलांग में आयोजित पीएसी की बैठक में इसे लेकर चर्चा भी की गई हैं। यहां बता दें कि पीएसी की बैठक की अध्यक्षता विधायक एवं पीएसी चेयरमैन रवि ठाकुर की ओर से की गई। बैठक में सभी विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत विभागों के पास आए बजट को लेकर चर्चा की गई। उपायुक्त लाहौल स्पीति राहुल ने भी इस दौरान विभिन्न योजनाओं को लेकर विस्तार से जानकारी विधायक व अन्य पीएसी सदस्यों को दी।
बैठक में लाहौल स्पीति में आने वाले सैलानियों को हर सुविधा उपलब्ध करवाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस विषय पर चर्चा करते हुए उपायुक्त लाहौल स्पीति राहुल कुमार ने कहा कि लहौल स्पीति में देश विदेश से सैलानी घूमने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनका प्रयास रहेगा कि सैलानियों को उनके मोबाइल पर ही आसानी से लहौल स्पीति की पूरी जानकारी मिल सकेगी। इसके लिए प्रशासन जल्द ही एक मोबाइल एप तैयार करने जा रहा हैं। इस एप में पर्यटकों को पर्यटक स्थलों के अलावा होम स्टे और होटलों की भी जानकारी उपलब्ध होगी। यही नहीं इस एप में घाटी के प्राचीन मंदिरों, गोंपाओं की जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। एप में लाहौल स्पीति के पारंपारिक व्यंजनों व पारंपारिक परिधानों का भी ब्यौरा उपलब्ध होगा।
विधायक रवि ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि घाटी में पानी समस्या से लोगों को जुझना न पड़े इसके लिए जल शक्ति विभाग उचित कदम उठाए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा घाटी में मोबाइल टायलट्स और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था भी लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए कि लहौल स्पीति में स्वास्थ्य सुविधाओं को भी सुधारा जाए और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जाए। विधायक रवि ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि घाटी के लोगों को सरकार की जनकल्याण कारी योजनाओं का लाभ मिल सके इसे लेकर भी उचित कदम उठाए जाएं। इसके अलावा बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने अपने अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई गई।
बैठक में केलांग अस्पताल में लिफ्ट के निर्माण को रफ्तार देने को लेकर भी चर्चा की गई। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी में नई मशीनें उपलब्ध करवाने की मांग भी विभाग के अधिकारियों से की गई। उक्त बैठक में नव नियुक्त पीएसी सदस्य सहित विभिन्न पंचायतों के जन प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में एचआरटीसी के केलांग डिपो की ओर स्व केलांग में स्थापित किए जा रहे इलेक्ट्रिक स्टेशन को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में सिस्सू में प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम को लेकर भी संबंधित विभाग के अधिकारियों ने अपनी बात रखी।
आज से लाहौल प्रशासन लेह सड़क को करेगा बहाल
सोमवार से लाहौल प्रशासन लेह सड़क बहाल करेगा। विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि पीएसी की बैठक में यह जानकारी प्रशासन ने मुहैया करवाई है कि सोमवार से ओड ईवन नंबर को लेकर वाहनों को लहौल से लेह की तरफ भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।
पीआरआई ने जल्द मांगा समस्याओं का समाधान
विधायक लाहौल स्पीति रवि ठाकुर की अध्यक्षता में केलांग में पीआरआई के सदस्यों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पीआरआई ने जहां एकमत में टीसीपी का विरोध किया और इसे लहौल में लागू न करने का आग्रह भी किया गया। इसके अलावा पंचायत के जन प्रतिनिधियों ने गांवों में आने वाली सिंचाई और पीने के पानी की कमी का जल्द समाधान मांगा। विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे सरकार से आग्रह करते हैं कि पंचायतों में सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए ,ताकि बाहरी राज्यों से घाटी में घूमने आने वाले सैलानियों को घाटी का साफ सुथरी तस्वीर देखने को मिले। इसके अलावा बैठक में कोकसर में लगाए गए साडा बैरियर को भी हटाने की मांग की गई हैं।
