मंडी : धर्मवीर -सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के मंडी दौरे से पहले पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कौल सिंह ठाकुर ने मंडी जिला को नेतृत्व देने की पैरवी की है।
वीरवार को मंडी शहर के सेरी मंच पर राहुल गांधी के समर्थन में आयोजित सत्याग्रह आंदोलन के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक वार्ता में कहा कि जिला में आगामी दिनों में हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू मंडी दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान उनके सामने इस मांग को पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा की मंडी जिला से कांग्रेस के एकमात्र जीते हुए विधायक चंद्रशेखर को सरकार में अहम पद दिया जाए।कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि हमे कुछ नहीं चाहिए बस प्रदेश की कांग्रेस सरकार मंडी की 10 सीटों में से एक सीट पर जीत दर्ज करवाने वाले धर्मपुर के विधायक को ही कुछ न कुछ बना दें।
मोदी सरकार पर लगाया लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप
वहीं मंडी में संपन्न हुए जिला कांग्रेस कमेटी के सत्याग्रह आंदोलन के उपरांत कौल सिंह ठाकुर ने केंद्र की मोदी सरकार पर खूब जुबानी हमले भी किए।कौल सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन गई है। केंद्र सरकार विभिन्न एजेंसियों का अपने हितों के लिए दुरुपयोग करने में लगी है जो कि सही नहीं है। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ की गई कार्यवाही को भी राजनीति से ओतप्रोत करार दिया। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में राहुल गांधी को बहाल नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर अपने आंदोलन को जारी रखेगी। इस दौरान शहर के सेरी मंच से एक रोष रैली भी निकाली गई जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपने नेता को बहाल करने के नारे भी लगाए।
