संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल में इस बार मौसम अपना कहर दिखा रहा हैं। हालात यह हैं कि मई माह में भी बेमौसमी बारिशों की वजह से लोगों की परेशानियां बढ़ गई है। यह मौसम न केवल किसानों बागवानों को प्रभावित कर रहा हैं बल्कि इसी की वजह से हिमाचल का पर्यटन सीजन भी प्रभावित हुआ हैं। कोरोना के बाद इस साल हिमाचल में रिकॉर्ड पर्यटक पहुंचने की उम्मीद थी लेकिन अभी तक आशातीत पर्यटक नहीं पहुंच पाए हैं।
हिमाचल प्रदेश में हर साल लगभग 1 करोड़ 70-80 लाख पर्यटक आता हैं, लेकिन कोविड के चलते बीते वर्षों में पर्यटकों की संख्या कम हुई हैं। पिछले वर्ष कोविड से थोड़ा उभरे पर्यटन के बाद हिमाचल मे एक करोड़ 51 लाख पर्यटक पहुंचे थे। इस वर्ष समर सीजन में पर्यटकों की आमद बीते वर्ष से के मुकाबले ज्यादा बढ़ने की उम्मीद थी लेकिन मई माह में हुई बेमौसमी बारिश ने पर्यटन कारोबार को भी बुरी तरह से प्रभावित किया हैं।
हिमाचल पर्यटक निगम के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि हिमाचल में 30 अप्रैल तक 55 लाख पर्यटक पहुंचे हैं। गर्मियां बढ़ने के साथ ही इस संख्या में और अधिक इज़ाफ़ा होगा। जून माह के लिए 40 से 45 फ़ीसदी होटलों में एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। उम्मीद है की इस बार पर्यटन सीज़न पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा।
कोरोना के बाद से नहीं बढ़ रही विदेशी पर्यटकों की आमद
कोरोना के बाद से हिमाचल में विदेशी पर्यटकों की संख्या में कमी देखी जा रही हैं। इस साल अप्रैल माह तक मात्र 11 हजार विदेशी पर्यटक ही हिमाचल पहुंचे हैं, हालांकि शिमला में वीकेंड पर एक दिन में 17 हज़ार से ज्यादा वाहन पहुंचरहे हैं।
