शिमला, 8 मार्च-:सुखविंदर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरमौर जिले के नाहन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कई सरकारी योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा को जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। इसके अलावा संगड़ाह तहसील के गत्ताधार गांव की कृतिका शर्मा को माउंट एवरेस्ट फतह करने और राजगढ़ क्षेत्र के पझोता गांव की मेघा सिंह कंवर को हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक परीक्षा-2025 में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश महिला विकास प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सोलन की शांति जैसवाल, बिलासपुर की निर्मला धीमान, कांगड़ा के इंदौरा क्षेत्र की गृहिणी स्वयं स्वरोजगार संघ और ऊना की निशू लता को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित करते हुए एक-एक लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता वितरित की। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत चार लाभार्थियों को विवाह अनुदान के रूप में 60-60 हजार रुपये और दो लाभार्थियों को मकान निर्माण के लिए एक-एक लाख रुपये की दूसरी किस्त दी गई। मुख्यमंत्री शगुन योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत भी पात्र महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की गई।इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों में बेहतर कार्य करने वाली कई आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया और उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
