संजु चौधरी, शिमला(TSN): चार दिन से चल रही जिला परिषद कर्मचारी एवं अधिकारी महासंघ की अनिश्चितकालीन काम छोड़ो हड़ताल के बाद मंगलवार को पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह के साथ कर्मचारीयों की बैठक बेनतीजा रही। इस बैठक के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल को जारी रखने का निर्णय लिया हैं। जिला परिषद कैडर के कर्मचारी व अधिकारी लंबे अरसे से उन्हें पंचायती राज विभाग में मर्ज करने की मांग कर रहा है जिसको लेकर सरकार की तरफ से केवल आश्वासन ही मिल रहा हैं।
जिला परिषद कैडर कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि आज बैठक में पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के साथ दो दौर की वार्ता हुई जिसमें मंत्री की तरफ से आगामी कैबिनेट बैठक में मांगों को लेकर कैबिनेट सब कमेटी का गठन करने की बात कही गई हैं। 15 दिन के भीतर कमेटी वित्तीय अनियमितों को दूर करने को लेकर आश्वासन मिला हैं, लेकिन ज़िला परिषद कैडर कर्मचारी पंचायती राज विभाग में मर्ज करने की मांग कर रहे हैं जिसको लेकर सरकार का रवैया नकारात्मक हैं। जिला परिषद कर्मचारी व अधिकारी महासंघ ने हड़ताल को मांग पूरी न होने तक अनिश्चितकालीन काम छोड़ो हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया हैं।
बता दें कि प्रदेश में लगभग 4700 जिला परिषद कैडर कर्मचारी व अधिकारी कार्यरत हैं जो लंबे समय से पंचायती राज विभाग में मर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
