बिलासपुर/सुभाष-:जिला बिलासपुर के उपमंडल घुमारवीं में बचपन की एक चिंताजनक तस्वीर सामने आ रही है। मुख्य बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में 10 से 14 वर्ष की कई बच्चियां सड़कों पर भीख मांगती दिखाई दे रही हैं। जिस उम्र में उनके हाथों में किताबें, कंधों पर स्कूल बैग और आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने होने चाहिए, उस उम्र में वे पेट भरने के लिए राहगीरों और बस यात्रियों के सामने हाथ फैलाने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ये बच्चियां प्रतिदिन सुबह से शाम तक बस स्टैंड परिसर और आसपास की दुकानों के बाहर घूमती रहती हैं। यात्रियों से पैसे मांगना इनकी दिनचर्या बन गई है। बताया जा रहा है कि बच्चियां नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रही हैं। ऐसे में उनके भविष्य और शिक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।हैरानी की बात यह है कि सरकार की ओर से प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के तहत 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा देने का प्रावधान है। इसके बावजूद इन बच्चियों का सड़कों पर भीख मांगना व्यवस्था की जमीनी हकीकत को उजागर करता है।स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा चाइल्ड हेल्पलाइन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सबसे पहले बच्चियों की पारिवारिक और सामाजिक स्थिति का पता लगाया जाए। साथ ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर परिजनों की काउंसलिंग की जाए और सभी बच्चियों का नजदीकी सरकारी स्कूल में दाखिला करवाया जाए।इसके अलावा संबंधित विभागों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चियों को सरकारी योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिले, ताकि उन्हें दोबारा भीख मांगने की स्थिति में न लौटना पड़े।अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन इन बच्चियों के बचपन को सुरक्षित करने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कब ठोस कदम उठाएगा?
