सोलन-:स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेले, उत्सव और त्योहार हमारी समृद्ध सभ्यता, संस्कृति एवं परंपराओं के प्रतीक हैं। ये आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ लोक संस्कृति के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।डॉ. शांडिल आज कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत छावशा के डुमैहर-आंजी गांव में आयोजित दो दिवसीय श्री ब्रिजेश्वर मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे।इस अवसर पर उन्होंने डुमैहर-आंजी स्थित मेला मैदान में 08 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंच एवं भंडारण कक्ष का लोकार्पण किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेले और त्योहार स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक मेलजोल का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से इन आयोजनों की परंपरा को निरंतर बनाए रखने का आग्रह किया, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत से जुड़ी रहें।उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश और समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग खेलकूद, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है।डॉ. शांडिल ने बखेला से नेरी सड़क के निर्माण के लिए 02 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्राम पंचायत की विभिन्न मांगों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोलन विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा सके।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।मेले के अवसर पर स्थानीय बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। इसके अतिरिक्त पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

