बिलासपुर/शिमला, संजू -: हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए “इंडियन एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान लाडली फाउंडेशन, हिमाचल रेनबो स्टार क्लब तथा गोविंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बताया कि कोरोना महामारी के कठिन दौर और विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के समय ओंकार शर्मा ने प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया। उनके द्वारा लिए गए त्वरित निर्णयों, राहत एवं बचाव कार्यों के बेहतर समन्वय तथा जनहित में किए गए प्रयासों से प्रदेश के हजारों लोगों को लाभ पहुंचा। इसी योगदान को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।सम्मान समारोह में लाडली फाउंडेशन के राज्य अध्यक्ष शालु अख्तर, हिमाचल रेनबो स्टार क्लब की पदाधिकारी नर्बदा शर्मा और दीक्षा शर्मा, गोविंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के टेक्निकल प्रभारी राकेश कुमार तथा सामाजिक कार्यकर्ता इशान अख्तर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा ने सम्मान के लिए सभी सामाजिक संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी का पहला दायित्व जनता की सेवा करना और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए वे भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
वहीं लाडली फाउंडेशन एवं हिमाचल रेनबो स्टार क्लब के अध्यक्ष इशान अख्तर ने कहा कि ओंकार शर्मा एक ईमानदार, कर्मठ और संवेदनशील अधिकारी हैं। कोरोना काल और आपदा की परिस्थितियों में उनके नेतृत्व में प्रशासन ने प्रभावी ढंग से कार्य किया, जिससे प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध हो सकी। उन्होंने कहा कि समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
समारोह के दौरान सामाजिक संस्थाओं की ओर से ओंकार शर्मा को इंडियन एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026 के साथ हिमाचली टोपी और हिमाचली शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
