शिमला, 8 जून -:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को ओक ओवर से चार नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।ये एंबुलेंस एचडीएफसी बैंक द्वारा अपनी निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत उपलब्ध करवाई गई हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि इन एंबुलेंसों को सुजानपुर, भोरंज, नादौन और देहरा क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए एचडीएफसी बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक-निजी सहयोग से स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई एंबुलेंस सेवाएं जरूरतमंद मरीजों तक शीघ्र चिकित्सा सहायता पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएंगी।इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक संजय अवस्थी, अनुराधा राणा और हरीश जनारथा, हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के अध्यक्ष हरभजन सिंह भज्जी, हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, हिमाचल प्रदेश निजी शैक्षणिक संस्थान विनियामक आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी तथा एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
