एनएफएसए का 143 से 195 रुपये प्रति क्विंटल किया
ऊना, राकेश-। आज पीडीएस डिपो संचालक समिति जिला ऊना की बैठक ऊना ब्लॉक में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पीडीएस डिपो संचालक समिति के प्रधान एवं हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने की।बैठक में मुकेश शर्मा ने डिपो संचालकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने डिपो संचालकों के लंबे समय से लंबित कमीशन बढ़ाने की मांग को स्वीकार कर लिया है।
सरकार ने एपीएल राशन पर मिलने वाले कमीशन को 70 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 100 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। वहीं, एनएफएसए राशन पर मिलने वाले कमीशन को 143 रुपये से बढ़ाकर 195 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यह बढ़ा हुआ कमीशन अप्रैल 2022 से लागू किया गया है। आने वाले समय में इसका लाभ सभी सहकारी सभाओं और उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों को मिलेगा।
मुकेश शर्मा ने कहा कि यह प्रदेश के सभी डिपो संचालकों के लिए खुशी और राहत का विषय है। इस मांग को पूरा करवाने के लिए डिपो संचालक समिति लंबे समय से प्रयासरत थी। इस संबंध में डिपो संचालकों ने ऊना सदर के पूर्व विधायक के साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के उच्च अधिकारियों से शिमला में कई बार मुलाकात की थी। इसके अलावा कमीशन बढ़ाने को लेकर सरकार को कई बार ज्ञापन भी सौंपे गए थे।उन्होंने कहा कि कमीशन में बढ़ोतरी से डिपो संचालकों में नई उम्मीद जगी है। हालांकि, उनकी कई अन्य मांगें अभी भी सरकार के समक्ष लंबित हैं। समिति को उम्मीद है कि प्रदेश सरकार डिपो संचालकों की शेष मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर उनका समाधान करेगी।
इस अवसर पर ऊना ब्लॉक के प्रधान सागर पुरी ने कमीशन बढ़ाने पर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पीडीएस डिपो संचालक समिति के अध्यक्ष जगदीश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, महासचिव हरिश सीपी सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों ने डिपो संचालकों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उन्हें पूरा करवाने के लिए लगातार प्रयास किए तथा कई बार शिमला जाकर पैरवी की।कमीशन में हुई इस बढ़ोतरी को प्रदेश के डिपो संचालकों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

