चिंतपूर्णी, विकास -:माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेकने आने वाले श्रद्धालुओं को अब अपने बड़े वाहन (हैवी व्हीकल) खड़े करने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी ने भरवाईं में हैवी व्हीकल पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मंदिर प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से जमीन की लेवलिंग का काम शुरू करवा दिया है।पार्किंग स्थल को विकसित करने के लिए वहां बने अस्थायी (टेंपरेरी) शौचालयों को हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (सीनियर सेकेंडरी स्कूल) भरवाईं के खेल मैदान का निर्माण होने के बाद से इस क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग के लिए जगह काफी कम रह गई थी, जिससे खासकर बड़े वाहनों के चालकों और श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
जल्द टेंडर लगाकर पक्का किया जाएगा परिसर
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जेसीबी के जरिए मैदान के समतलीकरण (लेवलिंग) का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि समतलीकरण का काम पूरा होते ही जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद पार्किंग स्थल को पक्का करने के साथ-साथ यहां श्रद्धालुओं के लिए अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

