चंबा/मंजूर पठान। चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के पुखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को नागरिक अस्पताल का दर्जा देने की मांग स्थानीय लोगों ने एक बार फिर सरकार के समक्ष उठाई है। लोगों का कहना है कि इस स्वास्थ्य केंद्र पर क्षेत्र की 15 से 20 पंचायतों की हजारों की आबादी निर्भर है, लेकिन यहां पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, पुखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शाम 4 बजे के बाद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। ऐसे में रात के समय या किसी आपात स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि यदि पुखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को नागरिक अस्पताल का दर्जा दिया जाता है तो क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार मिल पाएगा।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मांग को लेकर पहले भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं।अब क्षेत्रवासियों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएं और पुखरी PHC को नागरिक अस्पताल का दर्जा प्रदान किया जाए, ताकि चुराह क्षेत्र की जनता को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

