कुल्लू : मनमिंद्र अरोड़ा- जिला कुल्लू के भुंतर में अब जल्द ही ब्यास नदी किनारे घाट की स्थापना की जाएगी और यहां पर धार्मिक कार्यों को पूरा किया जाएगा। भुंतर में सब्जी मंडी के समीप बैली ब्रिज के पास घाट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और यहां पर जिला कुल्लू के विभिन्न स्थानों से आने वाले देवी-देवताओं को शाही स्नान की भी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा इस घाट पर ब्यास आरती का भी आयोजन आने वाले समय में किया जाएगा और इस स्थल को धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा। यह बात सुंदर ठाकुर ने घाट निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान कही।
सीपीएस सुंदर ठाकुर ने मंगलवार को सब्जी मंडी के पास नदी किनारे घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां पर पहले प्रवासी मजदूर रहते थे और स्थानीय लोगों के द्वारा कई बार यह मांग रखी गई थी कि इन प्रवासी मजदूरों को यहां से हटाया जाए। वही, जिला प्रशासन के द्वारा अब यहां से प्रवासी मजदूरों को हटा दिया गया और खाली पड़ी भूमि पर घाट बनाने की प्रक्रिया को भी शुरू किया जा रहा है। सुंदर ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि यह संगम स्थल आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित होगा। क्योंकि यहां पर पार्वती नदी व व्यास नदी का संगम होता है तथा लोग धार्मिक परंपराओं को निभाने के लिए आते हैं। लेकिन प्रवासी लोगों के यहां पर होने के चलते हमेशा गंदगी फैली रहती थी। अब प्रवासी लोगों को यहां से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री इस बारे चर्चा की जाएगी और घाट को विस्तृत रूप दिया जाएगा। पहले चरण में देवी देवताओं व श्रद्धालुओं के स्नान करने की सुविधा के लिए कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय मे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वही, यहां पर घाट बनने के कारण यह घाट पूरे हिमाचल प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
