संजु चौधरी, शिमला: 2 मई को होने वाले शिमला नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शिमला नगर निगम के चुनावों के लिए 34 वार्ड में से 7 वार्डों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी हैं। प्रत्याशियों की पहली सूची के नामों की घोषणा स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की हैं। कांग्रेस ने सात वार्डों में से टूटीकंडी वार्ड से उमा कौशल, छोटा शिमला से सुरेंद्र चौहान, पटयोग वार्ड से दीपक रोहाल, बेनमोर से शीनम कटारिया, न्यू शिमला से कुसुमलता, लोअर बाजार से उमंग बंगा, और भट्टाकुफ्फर से नरेंद्र ठाकुर निट्टू को टिकट दिया हैं जबकि पालमपुर नगर निगम के एक वार्ड के लिए भी नाम तय कर लिया गया हैं।
स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि बचे हुए 27 वार्डों की सूची बुधवार शाम तक सीएम के साथ चर्चा के बाद जारी होगी। चौहान ने बताया कि नगर निगम शिमला के 34 वार्डों के लिए 107 लोगों ने आवेदन किया था। उन्होंने कहा कि नगर निगम में पिछले पांच सालों से भाजपा का शासन रहा हैं। इस दौरान शहर को पानी जैसी कई अन्य गंभीर समस्याओं से जूझना पड़ा हैं। कांग्रेस जल्द ही नगर निगम शिमला को लेकर दस गारंटियों के साथ अपना मेनिफेस्टो भी जारी करेगी।
