हमीरपुर, अरविंद-: महर्षि दयानंद सरस्वती की 202वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को हमीरपुर में आर्य समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके साथ ही आर्य समाज हमीरपुर का तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव भी शुरू हो गया। इस आयोजन में आर्य समाज के सदस्यों, डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों और शहर के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।वार्षिक उत्सव के पहले दिन सुबह आर्य समाज भवन में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद भजन और उपदेश के माध्यम से महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों तथा उनके जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण की रस्म भी निभाई गई। इसके उपरांत स्वामी दयानंद चौक से आर्य समाज भवन तक शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने विशेष उत्साह दिखाया। विद्यार्थियों ने आर्य समाज के समर्थन में नारे लगाए और स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रेरित आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। पूरे आयोजन के दौरान शहर में धार्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव में भजनोपदेशिका ज्योति आर्य, पंजाब आर्य प्रतिनिधि सभा के उपदेशक आचार्य नारायण सिंह और हिमाचल प्रदेश के भजनोपदेशक वीरी सिंह आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। ये सभी अपने भजनों और उपदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आर्य समाज की शिक्षाओं तथा वैदिक विचारधारा से अवगत करवाएंगे।इस अवसर पर डीएवी हमीरपुर के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि डीएवी और आर्य समाज का आपस में गहरा संबंध है। डीएवी संस्थान पूरी तरह से आर्य समाज और महर्षि दयानंद सरस्वती के आदर्शों एवं सिद्धांतों का अनुसरण करते हैं।वहीं, आर्य समाज हमीरपुर के प्रतिनिधि ने बताया कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने आर्य समाज की स्थापना कर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया था। उनकी 202वीं जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आर्य समाज की स्थापना के 152 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भी कार्यक्रमों के माध्यम से वैदिक संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।कार्यक्रम में डीएवी हमीरपुर के विद्यार्थियों ने भजन और भाषण प्रस्तुत कर महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार में उनके योगदान को याद किया।

