हमीरपुर, अरविंद। प्रदेश सरकार के चार साल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को कांग्रेस सेवादल घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार ने प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति प्रदान की है। यह बात कांग्रेस सेवादल के जिला कार्यकारी अध्यक्ष हेमराज भारद्वाज ने हमीरपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
हेमराज भारद्वाज ने कहा कि हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज, बस स्टैंड और सिटी सेंटर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट भविष्य में शहर की तस्वीर बदलने के साथ इसे नई पहचान दिलाएंगे। इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को हमीरपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कांग्रेस सेवादल बढ़-चढ़कर भाग लेगा। संगठन का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाना रहेगा।भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हिमाचल के अधिकारों से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों को कानूनी रूप से हासिल करने की दिशा में भी बड़ी सफलता प्राप्त की है। इससे प्रदेश को हर वर्ष करोड़ों रुपये के अतिरिक्त राजस्व का लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगा।
