धर्मशाला, राहुल-:रानीताल-ज्वालाजी फोरलेन मार्ग पर बाथू पुल के समीप रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पहाड़ी से अचानक एक विशाल चट्टान सड़क पर चल रही सफेद ऑल्टो कार पर जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार बैजनाथ की ओर से आ रही थी। चट्टान की जोरदार टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस दर्दनाक घटना में किसी की जान नहीं गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फोरलेन निर्माण के दौरान पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने से बचाव के लिए ग्रीन सेफ्टी नेट लगाया गया है, लेकिन भारी-भरकम चट्टान को रोकने में यह सुरक्षा जाल भी नाकाम रहा। हादसे के बाद भी पहाड़ी से लगातार छोटे-छोटे पत्थर गिरने की सूचना है, जिससे मार्ग पर खतरा बना हुआ है।घटना के बाद वाहन चालकों से इस संवेदनशील हिस्से में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में वाहन की गति कम रखें, पहाड़ी की ओर लगातार नजर बनाए रखें और पत्थर गिरने की आशंका वाले स्थानों पर वाहन रोकने से बचें।प्रशासन से भी ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

