Chamba, 5 September-भरमौर में फंसे मणिमहेश यात्रियों को निकालने के लिए चलाए गए बड़े बचाव अभियान ने राहत दी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की निगरानी में अब तक 1166 श्रद्धालुओं को सुरक्षित चंबा पहुंचाया गया।
शुक्रवार को वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर की 12 उड़ानों से 524 यात्रियों को भरमौर से एयरलिफ्ट किया गया। इसी दौरान तीन शव भी चंबा लाए गए। गुरुवार को भी सात उड़ानों से 35 श्रद्धालुओं को निकाला गया था।
जिला प्रशासन चंबा ने 607 यात्रियों को सड़क मार्ग से सुरक्षित पहुंचाया। क्षतिग्रस्त मार्गों पर श्रद्धालुओं को पैदल चलना पड़ा, जहां पुलिस बल उनकी सुरक्षा के लिए तैनात रहा। रास्ते में भोजन, पानी और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। चंबा पहुंचने पर यात्रियों को एचआरटीसी की 13 बसों से नूरपुर और पठानकोट रवाना किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी स्वयं भरमौर में अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, प्रशासन, विभागीय कर्मचारियों, एनजीओ और स्वयंसेवियों के अथक प्रयासों की सराहना की।
