सचिन शर्मा, केलांग: उदयपुर नागरिक अस्पताल के भवन आवासों के निर्माण पर 14.50 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे, जिसके लिए 3.5 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी गई है। यह बात तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने
बुधवार को उदयपुर मंडल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर का दर्जा बढ़ाकर सिविल अस्पताल कर इसका शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि गैमूर गोंपा के सौन्दर्यीकरण के लिए 286 लाख रुपए स्वीकृत किए गए है। उन्होंने उदयपुर महिला मंडल को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। गौरतलब है कि इस सिविल अस्पताल का उद्घाटन केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा की ओर से किया जाना था,लेकिन भारी बारिश के कारण वह उदयपुर नहीं पहुंच पाए जिस कारण उनकी अनुपस्थिति में तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय की ओर से किया गया l
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में सफल प्रयास हुए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित बनाया गया है और प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के लिए महत्वाकांक्षी हिम केयर योजना आरंभ की है। यह योजना जरूरतमंद लोगों के लिये संजीवनी साबित हो रही है और इसमें प्रदेश के सवा 5 लाख परिवारों का पंजीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि इस योजना में प्रदेश के लगभग अढ़ाई लाख लोगों ने 200 करोड़ से अधिक के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किये हैं। उन्होंने कहा कि सहारा योजना के अंतर्गत भी गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को सहारा योजना में प्रति माह 3 हजार रुपए की सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। इस योजना में 16 हजार से अधिक लोगों की सहायता के लिये 56 करोड़ से अधिक राशि व्यय की जा रही है।
डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समाज कल्याण क्षेत्र को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष और अब 60 वर्ष कर दिया है। राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण और उनके कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, महिला यात्रियों के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये में 50 प्रतिशत की रियायत प्रदान की है। 125 यूनिट बिजली निःशुल्क ओर गांव में निःशुल्क पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से अधिकृत मन्नत कला मंच नाट्य दल के कलाकारों ने गीत संगीत के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्याख्यान किया l
डॉ. मार्कंडेय ने सुनी जन समस्याएं
इस दौरान डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने उदयपुर में लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर का उन्होंने मौके पर ही निपटारा कर दिया ओर शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
