मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी जिला के जोगिंदर नगर उपमंडल में फैला पीलिया का कहर अभी भी जारी है।क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत पिपली के पोहल गांव निवासी 24 वर्षीय सैनिक विनय कुमार पुत्र रवि सिंह की बीमारी के कारण दुखद मृ.त्यु हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार विनय कुमार पीलिया से ग्रसित था। कुछ दिन पूर्व ही अपनी छुट्टियां काटने के बाद दोबारा डयूटी पर गया था। विनय 20 डोगरा रेजिमेंट में तैनात था और इन दिनों फिरोजपुर में अपनी सेवाएं दे रहा था। डयूटी पर जाने के बाद से ही विनय की तबीयत और बिगड़ गई जिसके बाद उसे मिल्ट्री हास्पिटल जालंधर में भर्ती किया गया था।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम के समय विनय की उपचार के दौरान मृ.त्यु हो गई। उपचार के समय विनय के कुछ परिजन उसके साथ ही मौजूद थे।आज विनय की पार्थिव देह को पैतृक गांव लाया गया है जहां पर कल पूरे सैन्य सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। ग्राम पंचायत पिपली के प्रधान इंद्र सिंह ठाकुर ने विनय कुमार की मृ.त्यु की पुष्टि की है।उन्होंने बताया कि विनय पीलिया से ग्रसित था जिस कारण ही उसकी मृ.त्यु हुई है। पूरे क्षेत्र को इस बात का दुख है कि उन्होंने अपने इलाके का एक होनहार खो दिया है।उन्होंने बताया कि विनय कुमार एक होनहार, मेहनती,मिलनसार और नेक स्वभाव का लड़का था। सेना में भर्ती होने के बाद जब भी गांव आता था तो सभी से मिलकर उनका हाल पूछना उसकी एक अच्छी आदत थी। आज वो हम सबको छोड़कर चला गया है और इस बात पर यकीन कर पाना संभव नहीं हो रहा है।हम पूरी पंचायत की तरफ से ऐसे होनहार को भावभीनी श्रद्धांजलि करते हैं।
जनवरी में होनी है बहन की शादी,उससे पहले दुनिया को कह दिया अलविदा
विनय कुमार अपने पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर पर था। एक बड़ी बहन है जिसकी शादी हो चुकी है जबकि दो छोटी बहने और एक छोटा भाई है।छोटा भाई अभी हालही में भारतीय सेना में ही बतौर अग्निवीर भर्ती हुआ है। दो बहनों में से एक की शादी जनवरी 2025 में होना तय हुई है। बहन की शादी से पहले ही विनय कुमार इस दुनिया को अलविदा कह गया। विनय के पिता रवि सिंह मिस्त्री का काम करते हैं।
