संजीव महाजन,नूरपुर:विधानसभा फतेहपुर के तहत ग्राम पंचायत झुंब खास के गांव परौल के करीब 47 वर्षीय सेना के जवान को शनिवार को सैंकड़ों नम आंखों ने अंतिम विदाई दी। पंचायत प्रधान गुरनेश कुमार ने बताया की परौल का करीब 47 वर्षीय सुनील कुमार 8 आसाम राइफल में हवलदार पद पर मणिपुर के समीप तेसाद में तैनात था । उसने हाल ही में जेसीओ कैडर की परीक्षा दी थी,लेकिन जेसीओ रैंक मिलने से पूर्व ही 4 मई को उनकी ड्यूटी दौरान हृदय गति रुकने कारण मौत हो गई।
जैसे ही जवान की मौत की खबर क्षेत्र में फैली पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। जवान की पार्थिक देह शनिवार सुबह उसके पैतृक गांव पहुंचाई गई। जहां पर जवान का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया । जवान की चिता को मुखाग्नि उसके बेटे आकाश शर्मा ने दी। वहीं 14 सिखलाई रेजिमेंट ममून के जवानों ने जवान को बिगुल बजाकर गॉड ऑफ ऑनर की सलामी दी ।
बता दें कि जवान अपने पीछे पत्नी ,एक बेटा व एक बेटी छोड़ गया हैं। वहीं जवान की अंतिम यात्रा में फतेहपुर विधायक भवानी सिंह पठानिया ,राजपूत सभा प्रधान रघुबीर पठानिया ,जिला परिषद सदस्य बगीचा सिंह ,निर्मल सिंह ,बलकार जरियाल ,चंद्रशेखर गोरा सहित सैंकड़ो लोग शरीक हुए।
