अनिल कुमार, किन्नौर:जिला किन्नौर में पहाड़ों से पत्थरों के गिरने का सिनसिला थमने का नाम नहीं ले रहा हैं। शनिवार को भी किन्नौर ज़िला के भावा वैली सड़क मार्ग पर पहाड़ों से पत्थर गिरने से एचआरटीसी की बस इसकी चपेट में आई हैं। यह एचआरटीसी की काफनू बस भावा वैली के ग्रामीण इलाकों की ओर यात्रियों को ले जाकर वापिस आ रही थी कि अचानक पहाड़ो से पत्थरों के गिरने के चलते चोलिंग के समीप बस के आगे का शीशा टूट गया व बस को क्षति भी पहुंची हैं, हालांकि इस घटना के दौरान किसी यात्री के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है और चालक व परिचालक भी सुरक्षित बताएक जा रहे हैं।
भावा वैली के सड़क मार्गों पर भी पहाड़ कच्चे होने के चलते जगह-जगह पत्थर गिर रहे हैं जिसकी चपेट में एचआरटीसी की बस भी आई हैं। इसी प्रकार भावा वैली में 4 मई को भी पहाड़ो से पत्थर गिरने के चलते कृष्ण नामक व्यक्ति के घर को भारी नुकसान हुआ था और लाखों का नुकसान हुआ था। भावा वैली के सड़क मार्ग पर भी बारिश के चलते दीवार भी ध्वस्त हुई हैं और आज एक बार चोलिंग के समीप पहाड़ो से पत्थर गिरने से एचआरटीसी की बस को क्षति पहुंची हैं।
प्रशासन की ओर से सहायक आयुक्त किन्नौर राजेंद्र गौतम ने ज़िला में 8 मई 2023 तक बारिश व बर्फबारी का अलर्ट जारी कर पर्यटकों समेत ज़िला के लोगों को नदी नालों व पहाड़ों की ओर आवाजाही करने से परहेज़ का आग्रह किया हैं,ताकि लोगों को बारिश व बर्फबारी की आपदाओं से बचाया जा सके।
