राकेश ऊना: विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में श्रावण मेले की धूम लगी हुई है। मंदिर में रोजाना हजारों की संख्या में यहां श्रद्धालु मां ज्वाला के दर्शनों के लिए पहुंच रहे है। वहीं आज श्रावण अष्टमी के दिन आईएएस अधिकारी दिल्ली से पुष्पेंद्र राजपूत मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शनों के लिए पहुंचे। पुष्पेंद्र राजपूत जिला कांगड़ा में पूर्व डिवीजनल कमिश्नर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
उन्होंने ज्वाला मां की पवित्र ज्योति के दर्शन करके विधिवत पूजा अर्चना की और मां ज्वाला से आशीर्वाद मांगा उन्होंने विशेष रूप से श्रावण अष्टमी के दिन दर्शन किए। उन्होंने ज्वाला जी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष प्रकट किया।
उन्होंने इस अवसर पर अनौपचारिक वार्ता में कहा कि मां ज्वाला के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। पहले भी वह अपने परिवार के साथ यहां पर दर्शनों के लिए आ चुके हैं और यहां पर मां के दर्शन करके अद्भुत अनुभूति मन को होती है क्योंकि यहां पर साक्षात रुप में ज्योतियां विराजमान है।
इस मौके पर मंदिर अधिकारी विचित्र सिंह ठाकुर और कनिष्ठ अभियंता विजय कुमार ने उन्हें मां ज्वाला की फोटो स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।
