अरविंदर सिंह,हमीरपुर : हमीरपुर में आज से तीन दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया है। यह प्रतियोगिता जिला बैडमिंटन एसोसिएशन हमीरपुर की ओर से आयोजित करवाई जा रही है जिसका आगाज आज विधायक नरेन्द्र ठाकुर ने किया। महिला और पुरूष वर्ग में करवाई जा रही इस प्रतियोगिता में 150 के करीब प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
5 अगस्त से लेकर 7 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का आयेाजन स्थानीय डिग्री कॉलेेज अणु के इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। इसमें अंडर 13, 15, 17, 19 और सीनियर वर्ग की एकल और मिक्स डबल वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिता में जिला के 150 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिसा लेंगे।
इस अवसर पर विधायक नरेंद्र ठाकुर ने आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और अपनी ऐच्छिक निधि से जिला बैडमिंटन संघ को 15 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द जिला के डिडवीं टिक्कर में 6 करोड़ की लागत से इंडोर स्टेडियम तैयार हो जाएगा। इससे बैडमिंटन के खिलाडिय़ों को अपना प्रदर्शन निखारनें में बहुत मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए पढ़ाई के साथ खेलें भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा खेलों में उच्च प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी में प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर मंडला अध्यक्ष रमेश शर्मा, जिला बैडमिंटन संघ के प्रधान सुशील सोनी, सचिव सम्मी सोनी, संघ के पदाधिकारी प्रदीप ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, सुशील ठाकुर, रमेश लार्ड, गौतम सिंह राणा, बिन्दु शर्मा, सहायक निदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण मनोज अबती, अन्तराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच प्रेम लाल और जिला भर से आए खिलाड़ी उपस्थित रहे।
