संजीव महाजन | नूरपुर-:दीपावली के पावन पर्व पर नूरपुर सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रौनक देखने को मिली। दिवाली के अवसर पर घरों और बाजारों को रंग-बिरंगी लाइटों और दीपों से सजाया गया। रात होते ही आसमान में अलग-अलग रंगों के पटाखों की चमक दिखाई दी। लोगों ने पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ दिवाली का त्योहार मनाया।
दिवाली के दिन लोगों ने सुबह से ही बाजारों में जमकर खरीदारी की। शाम को घरों में विधि-विधान के साथ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद लोगों ने दीप जलाकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।दिवाली का पर्व हमें संदेश देता है कि अंधकार चाहे कितना भी गहरा क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है। विभिन्न धर्मों में इस पर्व को लेकर अलग-अलग मान्यताएं और परंपराएं प्रचलित हैं।दिवाली केवल पटाखे फोड़ने और मिठाइयां बांटने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का पावन अवसर भी है। लोगों ने एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं देकर खुशियां साझा कीं।
