संजीव महाजन, नूरपूर: नूरपुर के राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव के तहत आयोजित की जा रही खेल प्रतियोगिताओं में लड़कों के वर्ग का वॉलीबॉल मुकाबला मंगलवार को नूरपुर पब्लिक स्कूल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गनोह के मध्य खेला गया। इस मुकाबले में गनोह की टीम विजेता रही। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
पहले दोनों सेट के मुकाबले के बाद दोनों टीमें 1-1 से बराबर थीं, पर तीसरे सेट में गनोह के खिलाड़ियों ने मुकाबला 25-23 से अपने नाम किया। इसके बाद राजकीय आर्य डिग्री महाविद्यालय नूरपुर में अन्य मुकाबले खेले गए,जिनकी शुरुआत प्रधानाचार्य डॉक्टर अरुणा शर्मा व ज़ोनल अध्यक्ष करनैल सिंह की ओर से की गई। कबड्डी में लड़कियों के वर्ग में बीटीसी गर्ल्स नूरपुर की टीम विजेता रही और लड़कों के वर्ग में मुकाबला गनोह स्कूल ने जीता।
इस अवसर पर प्रो. संजय जसरोटिया, आधुनिक स्कूल जसुर के प्रधानाचार्य, महाविद्यालय से कार्यालय अधीक्षक आशीष शर्मा, विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
