नालागढ/जगत सिंह – बद्दी- साईं -रामशहर सड़क के पुनर्निर्माण कार्य के चलते इन दिनों बरसात के मौसम में क्षेत्र की पांच पंचायतों की जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने पर चार-पांच घंटे तक मार्ग बंद रहता है। एंबुलेंस की सुविधा तो दूर की बात रही पर पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। बद्दी रामशहर बस सुविधा भी काफी समय से बंद है। किसान वर्ग भी काफी परेशान है क्योंकि उनकी सब्जी की फसल समय पर मंडी में नहीं पहुंच पाती।
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष पर कुनिहार में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की एक विशाल रैली होनी है जिस पर इस मार्ग से एक बस, सवारियों को लेकर रैली के लिए जानी थी , लेकिन खराब सड़क के कारण बस गड्ढे में धंस गई और सवारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा । जिला परिषद सदस्य राहुल शर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत बायला रचना कौशल, उपप्रधान नरेश कुमार ने सीगल इंडिया लिमिटेड एवं विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस मार्ग को जल्द दुरुस्त किया जाए ताकि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
उधर इस विषय पर जब संबंधित विभाग के अधिकारी अधिशाषी अभियंता हरिराम बिलासपुर से फोन पर संपर्क साधा गया तो उन्होंने कहा कि जो जो भाग अधिक खराब है उन्हें आज ही ठीक कर दिया जाएगा।
