बिलासपुर, सुभाष-। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सैनिकों को लेकर मंत्री जगत सिंह नेगी की कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने बिलासपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार को युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी की अध्यक्षता में गुरुद्वारा चौक पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष जताया।
प्रदर्शन में भाजपा युवा मोर्चा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा में सैनिकों को लेकर की गई टिप्पणी से सैनिकों और उनके सम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने मंत्री से इस मामले में जवाब देने और अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मंत्री जगत सिंह नेगी का पुतला जलाने का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस की ओर से लगातार पुतला जलाने से रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।आखिरकार पुलिस के विरोध के बावजूद युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस घटनाक्रम के चलते गुरुद्वारा चौक पर कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज करवाते रहे।इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी ने कहा कि सैनिकों का सम्मान सर्वोपरि है और उनके सम्मान से जुड़ी किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
