मनाली (सचिन शर्मा): पर्टयन नगरी मनाली के साथ लगते चचोगा में पिकअप हादसे में घायल दोनों युवकों की मौत हो गई। इलाज के दौरान घायल दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, बुधवार की यह घटना है। मनाली के साथ लगते चचोगा में पिकअप पलट गई थी। हादसे में कुल तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें से दो की हालत गम्भीर थी। गम्भीर घायल मेहर चन्द (36) ने रात को ही दम तोड़ दिया, जबकि गम्भीर अवस्था में अस्पताल लाए 21 वर्षीय युवा राकेश ने सुबह मनाली के मिशन अस्पताल में दम तोड़ा।
दोनों व्यक्ति पिकअप गाड़ी में सामान लेकर घर जा रहे थे कि घर के समीप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गांव में एक साथ हुई दो लोगों की मौत से चचोगा के ग्रामीण सदमे में है ओर माहौल ग़मगीन है। मनाली थाना प्रभारी संदीप पठानिया ने बताया कि दुर्घटना में मेहर चंद व राकेश की मौत हो गई है जबकि दो घायल हुए है, जबकि वाहन चालक अभिषेक गुप्ता का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों शव पुलिस ने कब्जे में ले लिए है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
