बिलासपुर, सुभाष- : गोबिंद सागर जलाशय में 1 एचपी नवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर की ओर से 8 से 19 सितंबर तक 12 दिवसीय ‘संकल्प’ सेलिंग एक्सपेडिशन आयोजित किया जाएगा। अभियान में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के करीब 70 एनसीसी कैडेट्स हिस्सा लेंगे। कैडेट्स जलाशय में लगभग 330 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सामाजिक जागरूकता का संदेश देंगे।
कमांडिंग ऑफिसर सजन कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान टीबी मुक्त भारत, नशामुक्त भारत, नारी सशक्तिकरण और स्वच्छ भारत को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विभिन्न घाटों और कस्बों में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अलावा कैडेट्स ऐतिहासिक बछरेटू किले की ट्रेकिंग और एनटीपीसी कोलडैम पावर हाउस का शैक्षणिक भ्रमण करेंगे।उन्होंने बताया कि अभियान का फ्लैग-ऑफ 9 सितंबर को लुहणू घाट से एम्स बिलासपुर के निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र सिंह करेंगे। एम्स के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य, आत्महत्या रोकथाम और नशामुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
