भावना शर्मा, शिमला: प्रदेश में बारिश का कहर अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को भी राजधानी शिमला में जमकर बारिश हुई। लगातार दो घंटे तक हुई बारिश से संजौली आईजीएमसी सड़क पर चौक के साथ ही लैंडस्लाइड हुआ। अचानक से पहाड़ी से बड़े पत्थर मलबे के सड़क पर आ गिरे। शाम तकरीबन 6 बजकर 30 मिनट पर यह भूस्खलन हुआ जिससे कुछ देर के लिए सड़क भी अवरुद्ध हो गई ओर कुछ देर तक यातायात ठप्प रहा।
गनीमत यह रही कि इसमें कोई जानी नुक़सान नहीं हुआ है, जबकि इस सड़क पर वाहनों ओर लोगों की काफी ज्यादा आवाजाही रहती है,लेकिन आज जब यह भूस्खलन हुआ और पत्थर गिरे तो उस समय कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था। इसके बाद सड़क से पत्थर एक तरफ हटा कर एक तरफ से वाहनों की आवजाही शुरू की गई है। अभी भी ऊपर से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ। इसके अलावा दो बड़े-बड़े पेड़ भी गिरने की कगार पर है और यदि यह पेड़ गिरते है तो सड़क के साथ ढाबों को भी नुक़सान हो सकता है।
इस सड़क को स्मार्ट सिटी के तहत चौड़ा करने का काम किया जा रहा है जिसके चलते ऊपर से पत्थर नीचे आ गिरे है। वहीं सड़क के साथ ही नीचे की तरफ बिजली बोर्ड का कार्यालय ओर ढाबे भी है। अब ढाबा मालिकों को पेड़ गिरने का डर सता रहा है।उन्होंने नगर निगम से इन पेड़ों को जल्द हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रोड के कटिंग के चलते ही यहां पत्थर गिरे है और अब पेड़ भी गिरने की कगार पर है। इससे हर समय हादसे का डर बना हुआ है।
